कोटद्वार : गढ़वाल के तीन दिवसीय दौरे पर कोटद्वार पहुँचे उपाध्यक्ष उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद हेमराज बिष्ट। जहां कोटद्वार पहुँचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री हेमराज बिष्ट अपने गढ़वाल के तीन दिवसीय दौरे के प्रथम चरण में शनिवार को कोटद्वार पहुंचे। कोटद्वार आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर हिन्दू पंचायती धर्मशाला में एक भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमराज बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड को खेल प्रदेश के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य खेलों, युवाओं और ऊर्जा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। “अब समय आ गया है कि उत्तराखंड को सिर्फ देवभूमि ही नहीं, खेलभूमि के नाम से भी पहचाना जाए,” हेमराज बिष्ट ने कहा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता, और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान जैसे विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
राज्यमंत्री हेमराज बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने की जरूरत है।
कार्यक्रम में राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. पंडित राजेन्द्र अथवाल ने कहा प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा हैं। कार्यक्रम में सदस्य गौ सेवा आयोग धर्मवीर गुसाईं ने हेमराज बिष्ट की सक्रियता और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कोटद्वार सहित गढ़वाल क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी।
इस मौके पर राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. पंडित राजेन्द्र अथवाल, सदस्य गौ सेवा आयोग धर्मवीर गुसाईं, बार एसोशिएशन के अध्यक्ष नागेन्द्र जोशी, जगमोहन रावत, अनीता आर्य, हुकुम सिंह नेगी, नगर अध्यक्ष भाजपा विकास दीप मित्तल, मंडल अध्यक्ष भाबर आशीष रावत, आशा बलूनी, उर्वशी अग्रवाल, अर्चना शर्मा, लक्ष्मी रावत, माहेश्वरी बिष्ट, आदित्य त्रिपाठी, बीना रावत, पार्षद सुभाष पाण्डेय, मौ. इमरान, ताजुद्दीन इदरीसी, हर्षवत बिष्ट, प्रदीप बलूनी, हार्दिक सिंह, अमिताभ अग्रवाल, संजय सिंह रावत, बृजपाल राजपूत, गजेन्द्र धस्माना, भुपेन्द्र कुमार, विनय भाटिया, विवेक बनियाल, नीरज चमोली, सोनू चावला, नगर मीडिया संयोजक आशीष सतीजा आदि सहित सैंकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


