कोटद्वार । युवा कल्याण विभाग द्वारा कुंभ मेला ड्यूटी हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है जोकि एक फरवरी से प्रारंभ हुआ व 15 फरवरी तक जारी रहेगा । युवा कल्याण व प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) विभाग द्वारा आयोजित पीआरडी जवानों का 15 दिवसीय सैन्य प्रशिक्षण में शुक्रवार को एसडीआरएफ के निरीक्षक संजय रौथाण व उपनिरीक्षक सौकार सिंह द्वारा प्रशिक्षण दिया गया जिसमें मुख्य रुप से फर्स्ट ऐड एवं सीपीआर संबंधित जानकारियां दी गई ।

वहीं कैंप प्रभारी संजय सिंह बिष्ट द्वारा बताया गया कि पीआरडी स्वयंसेवकों को कुंभ ड्यूटी के लिए 15 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है इसके बाद स्वयंसेवी ड्यूटी के लिए हरिद्वार भेज दिए जाएंगे । स्वयंसेवकों को समय-समय पर एसडीआरएफ, अग्निशमन अधिकारी, क्षेत्र युवा कल्याण अधिकारियों द्वारा फर्स्ट ऐड, भूकंप व यातायात से संबंधित जानकारियां दी जा रही हैं । इस अवसर पर युवा कल्याण के व्यायाम प्रशिक्षक प्रवीण बिष्ट, क्षेत्र युवा कल्याण अधिकारी इमरान, आरिफ, विजय पंत आदि लोग उपस्थित रहे ।




