posted on : अगस्त 23, 2022 5:45 अपराह्न
कल्जीखाल। राजकीय महाविद्यालय कल्जीखाल पौड़ी गढ़वाल में नई शिक्षा नीति पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कॉलेज प्राचार्य केबी श्रीवास्तव ने कहा कि नई शिक्षा नीति भारत के भविष्य की निर्माता होगी। इस नीति में छात्र छात्राओं को अपने विषय के साथ साथ दूसरे विषय भी पढ़ने को मिलेंगे। कला के विद्यार्थी अब वाणिज्य और विज्ञान का अध्ययन भी कर सकेंगे। अपने विषयों के साथ ही आजीविका से जुड़े विषय भी अब पढ़ने को मिल सकेंगे। राजनीति विज्ञान के सहायक प्रोफेसर डॉ अजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान दौर में दुनिया से प्रतिस्पर्धा के लिए नए विषयों का अध्ययन बहुत आवश्यक है और नई शिक्षा नीति इस उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा करेगी। डॉ निशा चौहान ने कहा कि नई शिक्षा नीति में विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास सम्भव होगा। डॉ बबलू कुमार, डॉ नीलम, डॉ मनीषा रावत और डॉ नीति शर्मा ने भी नई शिक्षा नीति से जुड़े अनेक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर अनेक छात्र छात्रा उपस्थित रहे।


