कोटद्वार । नगर निगम क्षेत्र के लालपानी स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दान सिंह बिष्ट का स्थानांतरण कोटद्वार से श्रीनगर हो गया है जिस पर गुरुवार को पीटीए संघ द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई । विदाई के वक्त सभी भावुक कोठे हो उठे ।
लालपानी स्थित श्री गुरूराम राय पब्लिक स्कूल में आयोजित विदाई समारोह में पीटीए संघ के अध्यक्ष ललिता प्रसाद घिल्डियाल सहित पीटीए संघ के सदस्यों ने प्रधानाचार्य दान सिंह बिष्ट को शॉल ओढाकर एवं माल्यार्पण करते हुए बैंडबाजों के साथ विदाई दी । पीटीए संघ के अध्यक्ष ललिता प्रसाद घिल्डियाल ने बतौर प्रधानाचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके दान सिंह बिष्ट की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने विद्यालय में शैक्षिणिक प्रगति के साथ ही विद्यालय के चहुंमुखी विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया। सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश चंद्र लखेड़ा ने कहा कि दान सिंह बिष्ट का आठ साल का कार्यकाल बेहतर रहा है, विद्यालय में शैक्षिक माहौल एवं खेल गतिविधियों के बेहतर होने के कारण विद्यालय के छात्रों का रिजल्ट भी बेहतर रहा है।
विद्यालय की नवनियुक्ति प्रधानाचार्या अनुपमा शर्मा ने कहा कि प्रधानाचार्यो के स्थानांतरण की एक प्रक्रिया है, जिसे हर प्रधानाचार्य को पालन करना पड़ता है, उन्होंने अभिभावकों को विद्यालय में पूर्व की भांति शैक्षिक माहौल को बनाये रखने का भरोसा दिया। उन्होने विद्यालय की प्रगति के लिए अभिभावकों से सहयोग करने की भी अपील की है। दान सिंह बिष्ट ने भी अपने अनुभवो को साझा करते हुए अपने विचार व्यक्त किये, उन्होंने बच्चों को भी अनुशासन में रहते हुए पढाई की तरफ विशेष ध्यान देने की अपील की है। इस मौके पर दान सिंह रावत, चन्द्रमोहन सिंह रावत, भगवान सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान नरेन्द्र सिंह नेगी, नत्थू सिंह अधिकारी, शोभा देवी, सुरेशा नंद सुयाल, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल सहित कई अभिभावक मौजूद थे।



