posted on : मार्च 4, 2022 3:47 अपराह्न
कोटद्वार । विगत 28 फरवरी को कुछ दबंगों ने लालबत्ती चौक पर कौड़ियां निवासी एक युवक को लाठी डंडो से इतना पीटा की वह युवक वर्तमान में भी देवी रोड स्थित एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। पुलिस चार दिन बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे आक्रोशित युवक के परिजनों ने देवीनगर क्षेत्र के लोगों के साथ शुक्रवार को कोतवाली का घेराव किया और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। दबंगो द्वारा लाठी डंडो से पिटाई का विडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है । इसमें हैरान करने वाली बात यह है कि घटना बाजार पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई जबकि लालबत्ती चौक पर कैमरे लगाए गए हैं जोकि बाजार चौकी से कनेक्ट है. युवक के परिजनों कहा कि बीती 28 फरवरी की रात को देवीनगर निवासी रोहित घर पर खाना खा रहा था। तभी एक युवक घर पर आया और रोहित को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि रोहित को लालबत्ती चौक पर कुछ युवकों ने बेसबॉल के डंडों से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया है। जिसके बाद शुक्रवार को परिजनों का गुस्सा फूटा और थाने पहुचकर अपर पुलिस अधीक्षक का घेराव कर जल्दी से जल्दी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की । परिजनों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने आक्रोशित लोगो को समझाया और उन्हें आश्वासन दिया. कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने लोगों को समझाया और कहा कि अभी रोहित की पूरी मेडिकल रिर्पोट नहीं आई है। जैसे ही रिपोर्ट आ जाएगी वह आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर देंगे। पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए।



