कोटद्वार । जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कोरोना संक्रमण काल में व्यापारियो की दुकानों को तोड़े जाने को प्रदेश सरकार की नैनीताल हाईकोर्ट में कमजोर पैरवी एवं क्षेत्रीय विधायक के उदासीन रवैये को जिम्मेदार ठहराया है। वक्ताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी के अथक प्रयास से बाई पास मोटर मार्ग को स्वीकृत किया गया था, उक्त मोटर मार्ग के बनने से व्यापारियों के प्रतिष्ठानो को उजड़ने से बचाया जा सकता था, लेकिन प्रदेश में सत्तासीन भाजपा सरकार ने उक्त योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
गढ़वाल टाकीज स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार के द्वारा कोटद्वार के व्यापारियों के मामले को लेकर नैनीताल उच्च न्यायालय में सही ढंग से पैरवी करते हुए व्यापारियों की समस्याओ को रखा जाता तो न्यायालय के द्वारा जरूर संज्ञान लिया जाता, लेकिन प्रदेश सरकार ने जानबूझकर कोटद्वार के व्यापारियों की ठीक ढंग से पैरवी नहीं की है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की बात करने वाले क्षेत्रीय विधायक का भी उदासीन रवैया रहा है। स्थानीय प्रशासन ने नैनीताल उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए अतिक्रमण हटाया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा़ चन्द्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, जितेन्द्र भाटिया, बलवीर सिंह रावत, राजेन्द्र गुंसाई, बृजपाल सिंह, गोपाल सिंह, महावीर सिंह रावत, धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमित राज सिंह, हरेन्द्र पुंडीर, हेमचंद्र पंवार, सुदर्शन सिंह रावत, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, साबर सिंह नेगी, विनोद नेगी, विजय नारायण सिंह मौजूद थे।





Discussion about this post