ज्योतिर्मठ। सीमांत पैनखंडा क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को नई उड़ान देने के लिए उत्तराखंड शासन ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के निर्माण विंग (खेल इकाई) ने ज्योतिर्मठ में अत्याधुनिक खेल सुविधाओं के विकास के लिए आधिकारिक तौर पर निविदा सूचना जारी कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत ज्योतिर्मठ में ₹743.44 लाख की अनुमानित लागत से 06 लेन का 200 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही, यहाँ प्राकृतिक घास से युक्त एक भव्य इन्फिल्ड ग्राउंड का निर्माण भी किया जाएगा, जो क्षेत्र में खेल के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह बदल कर रख देगा। विभाग के जेई रोहित बलोरी ने पुष्टि की है कि निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है…
स्टेडियम निर्माण की इस बड़ी सौगात की खबर मिलते ही स्थानीय खिलाड़ियों और पैनखंडा क्षेत्र के निवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पिछले कई वर्षों से लगातार की जा रही इस मांग के पूरा होने पर सभासद प्रवेश डिमरी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अमित सती, पूर्व सभासद समीर डिमरी, खेल युवा विकास समिति के अध्यक्ष सौरभ राणा, ललित थपलियाल, हर्षवर्धन कम्मदी, ईश्वर नौटियाल और सूरज भुजवांण ने गहरी खुशी व्यक्त की है। इन सभी जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने इस उपलब्धि का श्रेय गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के अथक प्रयासों को दिया है। उन्होंने कहा कि सांसद बलूनी के विशेष हस्तक्षेप और प्रयासों से ही आज यह सपना साकार होने जा रहा है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस भव्य स्टेडियम के बन जाने से सीमांत क्षेत्र के युवाओं को न केवल अपने घर के पास ही विश्वस्तरीय प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करने का एक सशक्त मंच भी प्राप्त होगा। टेंडर प्रक्रिया के अनुसार, इस पूरे कार्य को पूरा करने के लिए 12 माह का समय निर्धारित किया गया है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आगामी एक वर्ष के भीतर ज्योतिर्मठ में खेलों का एक नया स्वर्ण युग शुरू होगा, जिससे आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनेगा




