कोटद्वार । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत ने केन्द्र एवं राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकारों भ्रष्टाचारी बताते हुए महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर अंकुश लगाने में नाकामी का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा सरकारें सिर्फ जाति एवं धर्म के नाम पर समाज को आपस में लड़वाकर बोट बैंक की राजनीति में विश्वास करती है, भाजपा को राज्य एवं क्षेत्र के विकास से कोई लेना देना नहीं है। जबकि कांग्रेस हमेशा ही विकास की बात करती है।
कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कोटद्वार पहुंचे रणजीत सिंह रावत ने गुरूनानक वैडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्र एवं राज्य सरकारों की जनविरोधी नीतियों पर हमला करते हुए कहा कि वर्तमान में केन्द्र में मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते महंगाई चरम पर पहुंच गयी है, लगातार गैस एवं पेट्रो पदार्थो के दामों में हो रही बढोतरी से गरीब आदमी का जीना दूभर हो गया है,कहा कि प्रत्येक साल में दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली केन्द्र सरकार अभी तक अपना वादा नहीं निभा पायी है, जिससे देश में बेरोगारों की संख्या में बढोतरी हो रही है, कहा कि जिन उद्योगों, एवं प्रतिष्ठानों को कांग्रेस सरकार ने बनाया था उल्टा मोदी सरकार उन्हीं प्रतिष्ठानों को बेच रही है, जो कि देश के लिए दुर्भाग्यूपर्ण घटना है, कहा कि मोदी सरकार विकास की बजाय सिर्फ जाति एवं धर्म के नाम पर देश के लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश सरकार की नीतियों पर जोरदार हमला करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में भी भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है, विकास के नाम पर सिर्फ बयानबाजी हो रही है, धरातल पर अभी तक एक भी विकास कार्य नहीं हो पाया है, महिलाओं के साथ अत्याचार एवं उत्पीड़न के मामलों में बढोतरी होने से महिलाओं में असुरक्षा का भाव पैदा हो रहा है। बेरोजगार रोजगार की तलाश में सड़कों की खाक छान रहे है, रिक्त पदों पर अभी तक कोई विज्ञप्ति जारी नहीं की गयी है, प्रदेश में खनन एवं शराब माफियाओं का बोलबाला हो रखा है, जिन्हें प्रदेश सरकार के मंत्रियों का संरक्षण मिल रहा है।
कार्यकारी अध्यक्ष ने कोटद्वार विधानसभा का भी जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकाल मे कोटद्वार में विकास की एक ईंट भी नहीं रखी गयी है, उल्टा नदियों में चैनालाईजेशन के नाम पर मानकों के विपरीत खनन करवाते हुए करोड़ों की लागत से बने पुलों के खतरा पैदा कर दिया है, उन्होंने क्षेत्रीय विधायक हरक सिंह रावत की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि हरक सिंह रावत सिर्फ अपना व्यक्तिगत हित देखते है, उन्हें क्षे़त्र के विकास से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में वापिसी करने के लिए जी जान से जुटने का आह्वान किया है। कहा कि भाजपा सरकार अगर प्रदेश में विकास करती तो उन्हें तीन-तीन मुख्यमंत्री बदलने की जरूरत नहीं थी।
इस मौके पर प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने कोटद्वार में कांग्रेस के कार्यकाल में स्वीकृत महत्वाकांक्षी योजनाओं मेडिकल कालेज, केन्द्रीय विद्यालय, कण्वाश्रम का समग्र विकास, लालढांग चिल्लरखाल मोटर मार्ग, मोटर नगर बस अड्डा सहित दर्जनों योजनाओ को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। आगामी 2022 के विधानसभा चुनाओं के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए कहा कि अब प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते जनता प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का निर्णय ले चुकी है, तथा आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनायेगी तथा भाजपा सरकारों के जनविरोधी निर्णयों को बदल देगी।
इस मौके पर महापौर हेमलता नेगी, जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, महिला जिलाध्यक्ष गीता नेगी, महानगर महिला अध्यक्ष शकुंतला चौहान, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमित राज सिंह, यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत, विधानसभा संयोजक साबर सिंह नेगी, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, महेन्द्र पाल सिंह रावत, नसीम अहमद, दलीप सिंह रावत, सरदार महेन्द्र सिंह, गीता सिंह, पार्षद अनिल रावत, गिंदी दास, विपिन डोबरियाल, सूरज प्रसाद कांति, विवेक शाह, चंद्रमोहन सिंह रावत, सूरज प्रकाश, पूर्व ग्राम प्रधान कीरत सिंह नेगी, राम सिंह, कृष्ण चंद्र खंतवाल, वीरेन्द्र सिंह पाल, कै. सतेन्द्र सिंह, रमेश चंद्र खंतवाल, धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रीति सिंह, विनीता भारती, सुनीता बिष्ट, सुधा असवाल, महावीर सिंह रावत, नत्थू सिंह अधिकारी, प्रकाश चंद्र लखेडा, चन्द्रमोहन सिंह रावत, भोपाल अधिकारी, रेखा देवी, मनवर सिंह आर्य सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, बूथों के अध्यक्ष, वार्डो के संयोजकों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।