कोटद्वार । आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार को पूरे उत्तराखंड में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है । प्रथम स्थान पर एम्स ऋषिकेश व द्वितीय स्थान पर जवाहरलाल नेहरु जिला अस्पताल रुद्रपुर रहा । तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा बेस चिकित्सालय कोटद्वार के प्रभारी अधीक्षक डॉ बागेश काला को सम्मानित किया गया ।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में यह जानकारी देते हुए कहा कि उत्तराखंड आयुष्मान योजना के तहत रोगियों को गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सेवा देने में बेस चिकित्सालय कोटद्वार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीसरा स्थान प्राप्त करने पर उत्कृष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया। प्रभारी अधीक्षक डॉ बागेश काला ने बताया कि अटल आयुष्मान योजना लागू होने के प्रथम वर्ष में ही बेस चिकित्सालय के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई थी। इस योजना के तहत रोगियों का उपचार करने में प्रदेश भर में बेस चिकित्सालय अग्रणी रहा। वर्तमान में अब तक 5724 से ज्यादा रोगियों का उपचार किया जा चुका है। लगभग एक करोड़ 95 लाख से अधिक रुपए का फ्री इलाज हो चुका है ।
राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार ने आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश भर में सबसे ज्यादा रोगियों का निशुल्क उपचार ही नहीं किया। बल्कि उन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य मानकों के तहत गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधा भी मुहैया करवाई। इसके लिए भारत सरकार ने बेस चिकित्सालय कोटद्वार को उत्तराखंड में तीसरा स्थान दिया है ।





Discussion about this post