देवप्रयाग : बहु साधन सहकारी समिति लिमिटेड, देवप्रयाग में करीब 19 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित आरोपी को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को सहायक विकास अधिकारी, विकासखंड कोट (पौड़ी) संदीप सिंह ने थाना देवप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बहु साधन सहकारी समिति लिमिटेड, देवप्रयाग के तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला ने अपने कार्यकाल के दौरान समिति के धन का गबन कर वित्तीय अनियमितताएं की हैं। शिकायत के आधार पर थाना देवप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 01/2026, धारा 409 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। लगातार प्रयासों और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 जुलाई को वांछित आरोपी शैलेंद्र गैरोला को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में लगभग 19 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता (गबन) किए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
– शैलेंद्र गैरोला (32 वर्ष) पुत्र सतीश चंद्र
– मूल निवासी: बडीयारगढ़, कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल
– वर्तमान पता: श्रीनगर



