posted on : दिसम्बर 16, 2023 4:44 अपराह्न
कोटद्वार। पूर्व सैनिक संघर्ष समिति कोटद्वार ने विजय दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम से मनाया । समारोह में मुख्य अतिथि विभव सैनी पुलिस उपाधीक्षक, कोटद्वार और विशिष्ट अतिथि कमल सिंह राठौर नायब तहसीलदार कोटद्वार रहे ।समारोह के दौरान 16 पूर्व सैनिकों जिन्होंने 1971 की लड़ाई में भाग लिया था और 5 वीर नारियों जिनके अपनो ने मां भारती की रक्षा करते हुए देश के लिए शहीद हुए को पूर्व सैनिक संघर्ष समिति कोटद्वार की कार्यकारणी ने मालार्पण और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया । समारोह के मुख्य अतिथि ने 1971 की लड़ाई की विभीषिका और भारतीय सेना के अदम्य साहस को स्मरण कर देश के लिए शहीद हुए बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और जोर देकर कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से देश के नागरिकों के बीच सेना के इतिहास और उनके गौरवान्वित करने वाले योद्धाओं को याद करने का मौका मिलता है । 16 दिसंबर 1971 को भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान के कारण भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तान को बड़ी हार का सामना करना पड़ा।




