जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों पर उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क एवं निर्माण कार्यों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा नियमित रूप से की जाए तथा शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर फीडबैक भी लिया जाए। साथ ही अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन मोबाइल ऐप डाउनलोड कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डेटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में वर्तमान में कुल 192 शिकायतें लंबित हैं, जिनमें 129 शिकायतें एल-1 स्तर पर, 30 एल-2 स्तर पर, 11 एल-3 तथा 22 शिकायतें एल-4 स्तर पर लंबित हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



