posted on : अगस्त 8, 2022 3:12 अपराह्न
कोटद्वार । राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में सोमवार को स्वतंत्र भारत के 75 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। प्रभारी प्राचार्य प्रो0 एमडी कुशवाहा ने तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा रैली महाविद्यालय से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गो से होते हुए झंडा चौक से बद्रीनाथ मार्ग होते हुए आयोजित की गई। महाविद्यालय के एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स रेंजर्स, बीएड एवं सभी विभागों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया । छात्र-छात्राओं ने रैली में बड़े उत्साह के साथ तिरंगा गीत और एनसीसी गीत का आयोजन किया ।
छात्र छात्राओं ने रैली के माध्यम से सभी लोगों को घर घर तिरंगा लगाने के लिए जागरुक किया। अपने नारों में छात्र छात्राओं ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदो को याद किया और सभी को अपने घर में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी डॉ तनु मित्तल ने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय हल्द्वानी, नैनीताल के दिशा निर्देशों के क्रम में रैली का आयोजन किया गया है। तिरंगा रैली में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो0 एमडी कुशवाहा साथ ही महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं सभी विभागों के छात्र छात्राएं मौजूद रहे।



