-तल्ला दशोली के सुनाली गांव का था सैनिक सुरेंद्र सिंह
-सुनाली के गोविंद सिंह खुद भी रहे सैनिक और तीनों बेटे भी फौज में
कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकास खंड के तल्ला दशोली पट्टी के सुनाली गांव निवासी और आठवीं गढ़वाल राइफल के सैनिक की मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि सैनिक सुरेंद्र सिंह जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में तैनात था और रविवार शाम को पेट्रोलिंग से वापस आते हुए हृदयाघात होने के चलते सुरेंद्र की मृत्यु हो गई।
सुनाली के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दिग्पाल सिंह बिष्ट ने बताया कि गांव के 75 वर्षीय बुजुर्ग गोविंद सिंह सेना से रिटायर हैं। और उनके तीनों बेटे सेना में सेवाएं दे रहे हैं। बड़ा बेटा सुलभ सिंह सेना से रिटायर हो चुका है। जबकि दूसरा बेटा दुलभ सिंह सेना में सूबेदार है। वहीं तीसरा बेटा सुरेंद्र सिंह भी सेना में था। लेकिन सुरेंद्र की मृत्यु से पूरा गांव शोक में डूबा है। कंडारा के मनोज रावत ने बताया कि सुरेंद्र की प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा कंडारा और नंदप्रयाग से हुई।
करीब 18साल पहले सेना में भर्ती हुए सुरेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। दिग्पाल सिंह ने बताया कि सुरेंद्र चार माह पूर्व करीब अपने गांव आया था। वर्तमान में इनका परिवार देहरादून प्रेम नगर में रहता है। सुनाली के ग्राम प्रधान प्रदीप नेगी ने बताया कि गांव में सैनिक के माता-पिता रहते है। बाकि परिवार देहरादून में है। बताया कि उनका पार्थिव शरीर गांव लाया जा रहा है।





Discussion about this post