गोपेश्वर/पोखरी (चमोली)। चमोली जिले में सोमवार की रात्रि को हुई भारी वर्षा के कारण बदरीनाथ हाईवे सात स्थानों पर पहाड़ी से मलवा आने के कारण बाधित हो गया था। जिससे अपराह्न बाद खोल दिया गया है। वहीं गोपेश्वर मंडल मोटर मार्ग देवलधार के पास अवरूद्ध चल रहा है। गोपेश्वर नगर क्षेत्र को पेयजल आपूर्ति करने वाली अमृत गंगा योजना भी क्षतिग्रस्त होने से पेयजल आपूर्ति भी बाधित चल रही है।
चमोली जिले में पिछले एक सप्ताह से देर सांय से भारी बारिश हो रही है। जिससे लोग दहशत में है। भारी वर्षा के कारण आय दिन बदरीनाथ हाईवे बाधित हो रहा है वहीं विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो रही है। सोमवार की वर्षा से बदरीनाथ हाईवे चमोली कस्बे में पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण पेड़ टूट कर गिर गया जिससे पुलिस की गुमटी भी क्षतिग्रस्त हो गई वहीं बदरीनाथ हाईवे बाधित हो गया। साथ ही यहां पर एक विद्युत पोल भी हाईवे पर गिर गया है। हालांकि एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर पेड़ व पोल को हटा कर हाईवे को खोल दिया है। वहीं बदरीनाथ हाईवे मैठाणा, बाजपूर, छिनका, टंगणी, पागलनाला, लामबगड में भी बाधित हो गया था। जिससे अपराह्न बाद खोल दिया गया है। इधर गोपेश्वर मंडल मोटर मार्ग भी बाधित चल रहा है। वहीं नंदप्रयाग-कौठियालसैण बाइपास मोटर मार्ग भी अवरूद्ध चल रहा है। आपदा परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बदरीनाथ हाईवे को अपराह्न बाद खोल दिया गया है। गोपेश्वर-मंडल मोटर मार्ग को खोलने का कार्य चल रहा है। देर सांय तक मार्ग खुलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
वहीं पोखरी विकास खंड के हुई भारी वर्षा के कारण हापला, कलसीर, हनोली मोटर मार्ग भी बाधित हो गया है। नौली गांव में ग्रामीणों की काश्तकारी की भूमि भी नष्ट हो गई है। नौली के प्रधान सत्येंद्र सिंह नेगी ने ग्रामीणों की क्षति का आंकलन कर मुआवजा दिये जाने की मांग की है।





Discussion about this post