-कई मार्गों को जिला मार्ग का दर्जा, सड़कों का रखरखाव होगा बेहतर
कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा में तीन से अधिक सड़कों को स्टेट हाईवे का दर्जा दिया गया है। स्टेट हाईवे घोषित होने के बाद इन सड़कों के रखरखाव की बेहतर उम्मीद की जा सकती है। स्टेट हाईवे घोषित होने वालों में विधानसभा की खस्ताहाल सड़कों में से एक कर्णप्रयाग-धारडुंग्री-मैखुरा-सोनला मोटर मार्ग भी है।
कर्णप्रयाग के विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विधानसभा के सड़कों का सुधार प्राथमिकता में है। इसी क्रम में विधानसभा के कर्णप्रयाग-धारडुंग्री-मैखुरा-सोनला सहित कर्णप्रयाग-नौटी-पैठाणी का आठ किमी, नौटी-आदिबदरी का 38 किमी और गौचर-सिदोली का 24 किमी मोटर मार्ग स्टेट हाईवे घोषित किया गया है। जबकि सुनाली-दशोलीखाल, सिमली-रतूड़ा, पांडुवाखाल-पजियाणा, बूंगीधार-मेहलचैंरी को प्रमुख जिला मार्गो में शामिल किया गया है। इधर राज्य मार्ग घोषित होने पर भाजपाइयों ने खुशी जताई है। भाजपा जिला महामंत्री समीर मिश्रा, मंडी समिति के अध्यक्ष विनोद नेगी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र भंडारी, महामंत्री सुमन डिमरी और राकेश नेगी, हेमंत सेमवाल, कनिष्ठ उपप्रमुख अनीता सेमवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपाल नेगी आदि ने कहा कि इससे सड़कों के सुधारीकरण और रखरखाव में तेजी आएगी।
सुधार के लिए अधिक बजट मिलेगा
लोनिवि के एई अमित पटेल के अनुसार स्टेट हाईवे प्रदेश में दूसरे नंबर की सड़क और राज्य सरकार की पहले नंबर की सड़क होती है। स्टेट हाईवे को अन्य मार्गों की अपेक्षा चौड़ीकरण, डामरीकरण के अलावा अन्य सुधारों में अधिक धनराशि मिलती है। जिससे सड़कों को सुधार बेहतर होता है।




Discussion about this post