कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग सहित कालागढ़ वन प्रभाग में कैंपा योजना के अंतर्गत हुए कार्यों में गड़बड़ी की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शासन ने मामले में उच्च स्तरीय जांच बैठाई है। जिसके तहत प्रतिकरात्मक वनरोपण निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (कैंपा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेएस सुहाग को शासन ने कारण बताओ नोटिस भेजा था। जिस पर सुहाग की ओर से नोटिस का जवाब देने के बाद शासन ने उनसे कई बिंदुओं पर जवाब मांगे। मंगलवार को सीईओ जेएस सुहाग लैंसडौन वन प्रभाग के पनियाली गेस्ट हाउस में पहुंचे । वन सूत्रों के मुताबिक पनियाली गेस्ट हाउस में उन्होंने प्रभाग के कर्मचारियों से कैंपा के तहत हुए कार्यों की रिपोर्ट तलब की। इस दौरान उन्होंने समाचार पत्रों व सोशल मीडिया पर वायरल लैंसडाउन वन प्रभाग के तत्कालीन डीएफओ के ‘लेटर बम’ को लेकर भी अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। हालांकि, प्रेस की ओर से सवाल करने पर उन्होंने अपने कोटद्वार आगमन को सामान्य बताया और पनियाली गेस्ट हाउस में हुई बैठक को रूटीन बैठक बताया।



