posted on : जनवरी 25, 2022 7:22 अपराह्न
लैंसडौन । उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। जिसमें लैंसडौन विधानसभा से डॉ. हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को प्रत्याशी चुना गया। जिससे कहीं ना कहीं सिटिंग विधायक दिलीप रावत की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है ।
लैंसडाउन विधानसभा में पूर्व से ही कांग्रेस पार्टी से 11 से 12 उम्मीदवारों ने टिकट की दावेदारी के लिए आवेदन किया था। लेकिन अब डॉ. हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को कांग्रेस पार्टी के हाईकमान के द्वारा प्रत्याशी चुनने के बाद लैंसडौन विधानसभा में लगभग 12 प्रत्याशियों की मंशा पर पानी फिर गया। वहीं कोटद्वार के सिटिंग विधायक डॉ. हरक सिंह रावत के लैंसडाउन विधानसभा से चुनाव लड़ने की कवायद को लेकर लैंसडौन के सिटिंग विधायक दिलीप रावत काफी परेशान थे। लेकिन बमुश्किल से उनकी मुश्किलों पर विराम लगा और उन्हें दोबारा से लैंसडाउन विधानसभा से प्रत्याशी चुना गया।
अब दिलचस्प बात तो यह होगी कि कांग्रेस पार्टी के 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में आखिर उतरेंगे या नहीं या फिर डॉ. हरक सिंह रावत की पुत्र वधू का सहयोग करेंगे। यह तो खैर आने वाला समय ही बताएगा। बहरहाल इतना जरूर है कि कांग्रेस की आपसी कलह के बीच भाजपा के प्रत्याशी को फायदा पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। बाकी तो आने वाली 10 मार्च को ही स्पष्ट पता चलेगा की आखिर लैंसडाउन विधानसभा सीट भाजपा की झोली में जाती है या कांग्रेस की। माना जाता है कि हरक सिंह जहां से भी प्रत्याशी बनाए जाते हैं वहीं से उनकी जीत निश्चित होती है । कहीं ना कहीं स्थानीय लोग युवा प्रत्याशी को विधायक बनाने के मूड में भी दिख रहे हैं ।



