posted on : अगस्त 24, 2022 5:17 अपराह्न
कोटद्वार । राजकीय इंटर कॉलेज कुंभीचौड़ के नवी कक्षा के छात्र अरुण थापा और साहिल रावत का चयन भाईचुंग भुटिया फुटबॉल क्लब दिल्ली की टीम में हुआ है l अंतरराष्ट्रीय कोच सुनील रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 अगस्त से खेल दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाली अंडर -15 इंडियन फुटबॉल लीग में यह दोनों खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे । अरुण साहिल समेत पांच खिलाड़ियों ने बीस जुलाई को हरियाणा स्थित फुटबॉल अकादमी में शारीरिक बैटरी टेस्ट पास किया, जिसके पश्चात 3 अगस्त को कौशल परीक्षा में इन दोनों का चयन हुआ और 5 अगस्त को दिल्ली में टीडब्लू -3 मेडिकल टेस्ट पास कर टीम में अपनी जगह बनाई ।
दोनों ही खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय युवा सर्टिफाइड कोच ऋतिक नेगी को देते हुए बताया कि ऋतिक उनको अप्रैल माह से निशुल्क प्रशिक्षण दे रहे थे और निरंतर उनका मार्गदर्शन कर रहे थे । ऋतिक नेगी की इस उपलब्धि के लिए उनको हाल ही में स्पोर्टस स्टेडियम कोटद्वार में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के कर कमलों से सम्मानित किया गया और भविष्य में यूं ही गढ़वाल और उत्तराखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया । अरुण और साहिल फिलहाल फुटबॉल शिविर का हिस्सा है और आगामी 1 सितंबर को अपना पहला मुकाबला खेलेंगे l जिला ओलंपिक संघ और शहीद मुकेश बिष्ट खेल अकादमी ने दोनों खिलाड़ियों को अपनी बधाइयां प्रेषित की है।


