हरिद्वार : राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड, देहरादून की अधिसूचना दिनांक 16 जनवरी 2026 के क्रम में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उप निर्वाचन कराए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मयूर दीक्षित द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ऐसे सभी पदों/स्थानों पर उप निर्वाचन सम्पन्न कराए जाने हेतु विस्तृत निर्वाचन समय-सारिणी जारी की गई है, जो निर्वाचित प्रतिनिधियों की मृत्यु, त्यागपत्र, नामांकन न होने अथवा अन्य कारणों से रिक्त हैं तथा किसी न्यायालय के स्थगन आदेश से बाधित नहीं हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की तिथि 19 व 20 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जिसमें पूर्वान्ह 10 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 21 जनवरी 2026 को पूर्वान्ह 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक की जाएगी। नाम वापसी की तिथि 22 जनवरी 2026 को पूर्वान्ह 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक निर्धारित की गई है। इसी दिन अपरान्ह 3 बजे से निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
मतदान 28 जनवरी 2026 को पूर्वान्ह 8 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक सम्पन्न होगा, जबकि मतगणना 30 जनवरी 2026 को पूर्वान्ह 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक कराई जाएगी।
उप निर्वाचन के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में रिक्त पदों पर मतदान कराया जाएगा। विकास खण्ड बहादराबाद में सदस्य ग्राम पंचायत के 03 पद, भगवानपुर में सदस्य ग्राम पंचायत के 05 पद एवं प्रधान ग्राम पंचायत का 01 पद, नारसन में सदस्य ग्राम पंचायत के 03 पद, खानपुर में सदस्य क्षेत्र पंचायत का 01 पद तथा लक्सर में सदस्य ग्राम पंचायत का 01 पद रिक्त है, जिन पर उप निर्वाचन सम्पन्न कराए जाएंगे।
यह उप निर्वाचन उत्तराखण्ड पंचायती राज अधिनियम, 2016 (यथासंशोधित) के अधीन रहते हुए उत्तर प्रदेश पंचायत राज (सदस्यों, प्रधानों एवं उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 तथा उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत (सदस्यों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 (उत्तराखण्ड में यथा प्रवृत्त) के प्राविधानों के अनुरूप सम्पन्न कराए जाएंगे। निर्वाचन प्रक्रिया आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही अपनाई जाएगी।
सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत एवं सदस्य क्षेत्र पंचायत के पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच, नाम वापसी, निर्वाचन प्रतीक आवंटन, मतगणना एवं परिणाम घोषणा का कार्य संबंधित विकास खण्ड (क्षेत्र पंचायत मुख्यालय) पर किया जाएगा।
नाम निर्देशन पत्रों की विक्रय तिथि 17 जनवरी 2026 से 19 जनवरी 2026 तक कार्यालय समय में तथा 20 जनवरी 2026 को अपरान्ह 3 बजे तक निर्वाचन अधिकारी/सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाएगी।
जिला प्रशासन ने उप निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को जारी कर दिए हैं।



