posted on : अप्रैल 4, 2022 7:37 अपराह्न
कालागढ़ (दीपक)। मुख्य बांध पर जाते हुए हाइडिल विभाग के इमरजेंसी वाहन के सामने अचानक बाघ के 4 शावक आ गये जिन्हें देख चालक सहम गया व वाहन को रोक दिया । शावक काफी देर तक वाहन के सामने से नही हटे । बाघिन के आस पास होने के डर से चालक चन्द्रप्रकाश ने वाहन के शीशों को चारो तरफ से बंद कर दिया । काफी देर बाद शावकों के हटने पर चालक चन्द्रप्रकाश तुरन्त इमरजेंसी वाहन को मुख्य बांध लें गया ।

घटना शनिवार रात्रि लगभग 8 बजे की है जब हाइडिल विभाग की इमरजेंसी गाड़ी से चालक चंद्रप्रकाश जरूरी सामग्री लेकर मुख्य बांध जा रहा था जिसके साथ गाड़ी में सिंचाई विभाग का हरपाल कर्मचारी भी मौजूद था । गाड़ी जैसे ही मुख्य बांध के उद्यान के पास पहुंची तो पास के जंगल से निकल बाघ के 4 शावक गाड़ी के सामने आ गये । दोनों इन शावकों को देख डर गये और बाघिन के आस पास होने के डर से गाड़ी के शीशों को बंद कर दिया । काफी देर तक दोंनो गाड़ी में सहमे हुए बैठे रहे लेकिन शावक वाहन के सामने से नही हटे । काफी देर रुकने के बाद जब चारों शावक धीरे धीरे जंगल में उतरे तो मौका देखकर चालक चंद्रप्रकाश ने तुरंत वाहन को मुख्य बांध की तरफ दौड़ा दिया । चन्द्रप्रकाश ने बताया कि यह लगभग 4 माह से ऊपर के शावक रहे होंगे जो बार बार गाड़ी के पास चक्कर लगा रहे थे और काफी उग्र थे हमने इनके हमले व आस पास बाघिन के होने के डर से चारो तरफ से गाड़ी को लॉक कर लिया था , इन शावकों ने काफी देर तक मार्ग रोके रखा ।




