posted on : फ़रवरी 16, 2022 10:14 अपराह्न
संत रविदास ने समाज को दिखाई थी जीने की राह : उमेश सिंह कुशवाहा
विजय शंकर
पटना : जदयू मुख्यालय, पटना में संत रविदास जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ‘‘ललन’’ प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, जदयू अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री संतोष निराला, विधानपार्षद नीरज कुमार, ललन सर्राफ, मुख्यालय महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह, जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ अमरदीप एवं प्रदेश सचिव बासुदेव कुशवाहा समेत अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के नवीश कुमार नवेन्दु, रुबेल रविदास, शत्रुधन पासवान, झूलन प्रसाद गोंड, डाॅ0 हुलेश मांझी, दीपक रजक, तूफानी राम, डाॅ0 मनोज रविदास, जाॅर्ज मांझी आदि नेता मौजूद रहे। सभी वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने उनके तैलचित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके संदेशों को अपनाने की शपथ ली।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ‘‘ललन’’ ने कहा कि संत रविदास का जीवन ही उनका संदेश है। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज से जात-पात और छुआछूत जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए समर्पित कर दिया था। अंधविश्वास और अनैतिकतापूर्ण व्यवहार के वे प्रबल विरोधी थे। आज भी सम्पूर्ण भारत में उन्हें मानने वाले मौजूद हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि संत रविदास ने मानवतावादी मूल्यों का प्रचार किया और समाज को जीने की राह दिखाई। वे जितने बड़े भक्त थे उतने ही बड़े समाज-सुधारक। उन्होंने सदियों पहले समानता, सद्भावना, प्रेम और करुणा का जो संदेश दिया, वे देशवासियों को युगों-युगों तक प्रेरित करने वाले हैं।
जदयू अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री श्री संतोष निराला ने कहा कि संत रविदास ने समतामूलक समाज की स्थापना के लिए आजीवन संघर्ष किया। वे चाहते थे कि आगे बढ़ने के लिए सबको समान अवसर प्राप्त हो। प्रदेश मुख्यालय के साथ ही सभी जिलों में भी संत रविदास जयंती मनाई गई। प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा प्रदेश मुख्यालय के अतिरिक्त जनदाहा (वैशाली) में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां बड़ी संख्या में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



