कर्णप्रयाग / चमोली । चमोली दुग्ध संघ ने कोविड-19 के संक्रमण के चलते हुए लॉकडाउन के कारण खराब हुई आर्थिक स्थिति में पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर दी है। संघ ने पशुपालकों से खरीदे जाने वाले दूध के मूल्य में दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाने का निर्णय लिया है। संघ के अनुसार आगामी एक अक्तूबर से पशुपालकों को यह बढ़ोतरी दी जाएगी।
चमोली दुग्ध संघ के सहायक निदेशक आरएस चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि संघ की बोर्ड बैठक में सदस्यों के प्रस्ताव अध्यक्ष विशेश्वरी देवी की सहमति के बाद संघ ने यह निर्णय लिया है। चौहान ने बताया कि चमोली दुग्ध संघ अभी 1500 लीटर प्रति दिन दूध का उपार्जन करता है। जिससे करीब नौ सौ से अधिक पशुपालक जुड़े हैं। अब तक संघ के नियमानुसार पशुपालकों को 6.5 से 9.0 फैट वाले दूध के दाम 33 रूपये प्रति लीटर दिए जाते थे। जो अब 01 अक्तूबर से 35 रूपये प्रति लीटर दिए जाएंगे।
वीआरएस लेने वाले कर्मियों से होगी भरपाई
सहायक निदेशक आरएस चैहान ने बताया कि इस संघ से दो कर्मियों ने वीआरएस लिया है। जिससे दुग्ध संघ को जो बचत होगी उससे पशुपालकों को बढ़े हुए दो रुपये का दाम की धनराशि एडजस्ट की जाएगी। जिससे संघ पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
कर्मियों को नहीं मिल रहा वेतन, वीआरएस लेने पर मजबूर
चमोली दुग्ध संघ सिमली में कर्मियों को नियमित मानदेय नहीं मिल पा रहा है। जिससे कर्मी वीआरएस लेने को मजबूर हैं। कर्मियों का कहना है कि डेढ़ साल से वेतन नहीं मिला है। वहीं सहायक निदेशक आरएस चैहान का कहना है कि कुछ कर्मियों को चार माह का वेतन नहीं मिला उसे भी दिए जाने की कार्रवाई की जा रही है।




Discussion about this post