पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी विकास खंड के चंद्रशिला पट्टी के रडुवा व कांडई के ग्रामीण आज भी सड़क मार्ग से वंचित है। ग्रामीणों को तीन से चार किलोमीटर की पैदल चढाई चढ कर मुख्य सड़क तक आना पड़ता है। यदि गांव में कोई गंभीर रूप से बीमार हो जाय तो उसे लाने के लिए डंडी या पालकी बनाकर कंधे पर लादकर सड़क मार्ग तक लाना पड़ता है। ग्रामीण कई वर्षों से रडुवा व कांडई ग्राम सभा को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग कर रहे है लेकिन आज तक ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं हो पायी है जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्र के ग्रामीण देवेन्द्र बत्र्वाल, राजपाल बत्र्वाल, यशवंत बत्र्वाल, पदम सिंह राणा, रोशन लाल, सज्जन रडवाल, गजेन्द्र नेगी, सुरेन्द्र नेगी का कहना है कि ग्रामीणों की मांग पर चार वर्ष पूर्व शासन ने गांवों को जोड़ने के लिए पांच किलोमीटर सड़क की स्वीकृति दी थी। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग पोखरी को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए अपनी भूमि दिये जाने का अनापत्ति प्रमाण पत्र भी बीते दिसम्बर माह में सौंप दिया है लेकिन उसके बाद भी अभी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि वर्षात समाप्त होते ही यदि कार्यदायी संस्था लोनिवि ने सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया तो वे मजबूरन विभाग के खिलाफ आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वहीं लोनिवि पोखरी के अधिशासी अभियंता राजकुमार का कहना है कि अभी तक उनके पास सड़क के लिए बजट नहीं आया है। बजट मिलने पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।




Discussion about this post