पौड़ी। पौड़ी की खूबसूरत वादियों में अब पर्यटन के साथ रोमांच और मनोरंजन का नया आकर्षण जुड़ गया है। जिला प्रशासन की पहल पर जिला योजना से लगभग 95 लाख रुपये की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से पार्क का उद्घाटन किया। जिपलाइन के रोमांच, स्थानीय नागरिकों के उत्साह और महिलाओं की पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुतियों के बीच शुरू हुए इस पार्क से पौड़ी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद जगी है।
जिपलाइन से लेकर मोगली ब्रिज तक, दस साहसिक गतिविधियों का आकर्षण
प्राकृतिक परिवेश के बीच विकसित इस पार्क में पर्यटकों के लिए दस तरह की साहसिक गतिविधियां तैयार की गई हैं। इनमें नेट ब्रिज, लॉग टू लॉग ब्रिज, टनल, स्पेस वॉक, वॉल टू वॉल ब्रिज, मोगली ब्रिज, जिग-जैग ब्रिज, जिपलाइन, कमांडो नेट और टायर क्लाइम्बिंग शामिल हैं। इसके अलावा मड कैफे, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इससे यह पार्क साहसिक गतिविधियों के साथ परिवार और बच्चों के मनोरंजन का भी आकर्षक केंद्र बनेगा।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण, रोजगार के खुलेंगे नए रास्ते : विधायक
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पौड़ी शहर में लंबे समय से इस तरह के पर्यटन स्थल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इको एडवेंचर पार्क के रूप में शहर को एक नई धरोहर मिली है। इसके विकास में सभी का सहयोग रहा है और अब इसकी सुरक्षा, स्वच्छता तथा संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी को मिलकर निभानी होगी। उन्होंने कहा कि पार्क में स्थानीय बच्चों को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। भविष्य में यही बच्चे प्रशिक्षक के रूप में अपनी पहचान बनाने के साथ रोजगार से भी जुड़ सकेंगे।
एक वर्ष से कम समय में धरातल पर उतरी योजना, सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि जिला प्रशासन की इस पहल को साकार करने में वन पंचायत और स्थानीय महिलाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। जिला योजना के माध्यम से करीब 95 लाख रुपये की लागत से पार्क विकसित किया गया है। कैफे और साहसिक गतिविधियों के संचालन के लिए कार्मिक तैनात रहेंगे। सभी गतिविधियां प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में संचालित होंगी और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि एडवेंचर टूरिज्म के प्रति पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए इको एडवेंचर पार्क की परिकल्पना की गई और सामूहिक प्रयासों से इसे एक वर्ष से भी कम समय में धरातल पर उतारा गया। इससे पौड़ी में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने नागरिकों और पर्यटन कारोबारियों से पार्क का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से पौड़ी को पर्यटन के प्रमुख ग्रोथ सेंटर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
पर्यटन विस्तार से शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा : नगरपालिका अध्यक्ष
नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि पौड़ी में इको एडवेंचर पार्क की लंबे समय से आवश्यकता थी। प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के साझा प्रयासों से यह सुविधा विकसित हुई है। इससे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन गतिविधियों का विस्तार शहर के समग्र विकास को भी नई दिशा देगा।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी ने पार्क में स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक परिवेश के संरक्षण की अपील की। उन्होंने कहा कि इस खूबसूरत स्थल की पहचान और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी का सामूहिक दायित्व है।
पौड़ी को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की पहल, टूर कॉन्क्लेव का प्रस्ताव
उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मैठाणी ने कहा कि पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। एसोसिएशन विभिन्न टूर ऑपरेटरों को पौड़ी के पर्यटन स्थलों और यहां उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराएगा, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां पहुंच सकें। उन्होंने पौड़ी को मसूरी और लैंसडाउन की तर्ज पर पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की आवश्यकता बताई। एसोसिएशन के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने पौड़ी में उत्तराखंड टूर कॉन्क्लेव आयोजित करने की बात भी कही।
झुमैलो और चौफला की प्रस्तुतियों ने बिखेरे लोकसंस्कृति के रंग
उद्घाटन समारोह में स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक झुमैलो और चौफला लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी। पारंपरिक गीतों की धुन पर महिलाओं के नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा (सेनि) ने पार्क के विकास के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया। वहीं, मीडियाकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने पार्क के विकास तथा इसके लिए चयनित स्थल की सराहना की।
वन पंचायत सरपंच ने जिपलाइन कर किया शुभारंभ, स्थानीय लोगों ने लिया रोमांच का आनंद
पार्क के उद्घाटन अवसर पर वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने स्वयं जिपलाइन गतिविधि में भाग लेकर इसकी शुरुआत की। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने भी जिपलाइन का अनुभव लिया। साहसिक गतिविधियों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समारोह में किसान आयोग के सदस्य ओमप्रकाश जुगरान, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल, कुलदीप गुसाईं, संस्कृति साहित्य कला समिति के सदस्य राकेश नौडियाल, वन पंचायत पौड़ी-कांडई के पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी एवं संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता उपेंद्र शाह, उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने किया।







