कोटद्वार । शहर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है । लगातार तीन दिनों से कोटद्वार शहर में कोरोना पॉजेटिव मिल रहे हैं । सोमवार को भी कोटद्वार में निवासरत विधायक की बहू के बाद उसके दो बच्चों सहित आठ लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।जबकि जशोधरपुर स्थित सिडकुल इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में महिला के बाद तीन और कर्मचारियों में कोरोना वायरस पाया गया है।वहीं राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में भी सोमवार को हॉस्पिटल में कपडे की धुलाई का ठेकेदार भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मवाकोट व डाडामंडी में भी एक एक कोरोना संक्रमित पाये गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार बहुखण्डी ने बताया कि कोटद्वार में निवासरत विधायक के छोटे भाई की पत्नी की 30 जुलाई को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने महिला के सम्पर्क में आये 13 परिजनों को राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में आइसोलेट कर दिया था। 01 अगस्त को सभी के सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिये थे। सोमवार को सभी की रिपोर्ट आ गई गई है। विधायक के छोटे भाई के 6 साल के बेटे और 18 साल की बेटी में कोरोना की पुष्टि हुई है। जबकि परिवार के 11 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
सीएमओ ने बताया कि डाडामंडी के एक गांव निवासी 21 वर्षीय युवक हरिद्वार से अपने गांव आया था। 26 जुलाई को राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिलोगी में आयोजित शिविर में युवक का रैण्डम सैंपल लिया गया। सोमवार को युवक की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मवाकोट निवासी 72 वर्षीय महिला का 30 जुलाई को कौड़िया में रैण्डम सैंपल लिया गया था। महिला की भी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला को कोविड केयर सेंटर कौड़िया में आइसोलेट कर दिया है।
वहीं राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में भी कपड़े धुलाई का ठेकेदार भी कोरोना पॉजेटिव आया है । ठेकेदार को आइसोलेट कर दिया है।इसके अलावा कोटद्वार की सिडकुल जशोधरपुर स्थित एक स्टील कंपनी में कार्यरत तीन श्रमिक भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये है।कोरोना पॉजिटिवों के सम्पर्क में आये लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। चिन्हित होने के बाद सभी के कोरोना टेस्ट कराये जायेगें।




Discussion about this post