देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की ओर से विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं भी एप में शामिल की गई हैं।
एप के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों को डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से किसानों तक जरूरी सूचनाएं और सेवाएं पहुंचाने वाली पहल कृषि क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत मौजूद रहे।




