लैंसडाउन : सावन ऋतु के आगमन तथा प्रकृति संरक्षण के संदेशवाहक लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर आर्मी पब्लिक स्कूल, लैंसडाउन में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी उत्साह एवं पर्यावरणीय चेतना के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष के थीम सतत जीवन एवं सामुदायिक नवाचार के अनुरूप विद्यालय परिसर में कार्यवाहक प्रधानाचार्य, शिक्षकगणों, विद्यार्थियों तथा विद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बाँज, बुराँश, देवदार आदि स्थानीय एवं पर्यावरण की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण लगभग 12 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने हरित पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्री संदीप सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ना, उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने घरों एवं आस-पास अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। साथ ही सभी ने रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का दायित्व निभाने का भी संकल्प लिया।
यह आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा प्रकृति के प्रति प्रेम एवं संवेदनशीलता विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।



