गोपेश्वर (चमोली)। भारत-तिब्बत सीमा से सटी नीती घाटी में नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन से सीमांत स्वाभिमान की नई इबारत लिखी गई है। इसके चलते नीती घाटी में इस बार फिट इंडिया का नारा भी बुलंद हुआ है।
नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्ग दर्शन में संचालित बाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में तहत यह आयोजित सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा। कहा कि इससे सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधा का विस्तार होने के साथ ही रिवर्स माइग्रेशन को भी बल मिलेगा। कहा कि नीती घाटी में होमस्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 हो गई है। इससे पर्यटन की संभावना को भी बल मिलेगा। उच्च हिमालय में आयोजित अल्ट्रा रन युवाओं के अदम्य साहस, ऊर्जा और आत्म विश्वास का प्रतीक बन का उभरा है। इससे यहां के स्वाभिमान और स्वावलंबन की नई इबारत भी लिखी गई है। उन्होंने इस आयोजन की सफलता पर भारतीय सेना, आईटीबीपी तथा स्थानीय लोगों को शुभकामनाएं दी। पर्यटन विभाग के तत्वाधान में इस आयोजन में 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा है।
नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के तहत 5, 10, 21, 42 तथा 75 किमी की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने भाग लिया। मलारी गांव में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पर्यटन सचिव धीराज गब्र्याल समेत अन्य अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार धनराशि एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
रिमखिम तथा बाडाहोती बार्डर बनेंगे सीमा दर्शन केंद्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नीती घाटी को सौगात देते हुए रिमखिम तथा बाडाहोती क्षेत्र में बार्डर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सीमा दर्शन केंद्र बनाए जाने की घोषणा की है।
नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के पुरस्कार वितरण समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नीती घाटी के विभिन्न गांवों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनज एवं व्यू प्वाइंट विकसित किए जाएंगे। गमशाली स्थित दंफुधार मैदान में आधारभूत सुविधाओं को विकास कर साहसिक पर्यटन एवं बडे़ आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा। सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों की आजीविका को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार तमाम योजनाएं संचालित करेगी। इसके तहत नीती, मलारी, कोषा, फरकिया, बांपा, गुरूगुटी, कैलाशपुर तथा महरगांव में सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके तहत सामुदायिक होमस्टे के साथ ग्रामीण पर्यटन हेतु आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। कहा कि इन कार्यक्रमों से नीती घाटी समेत सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाया दम
नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में देश के तमाम क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। इसके तहत पुरूष वर्ग की अंडर 18 की 5 किमी में हर्षित यादव प्रथम, आयुष कुमार द्वितीय एवं शिवम भुजवान तृतीय रहे। महिला वर्ग में रेखा प्रथम, भावना रावत द्वितीय एवं राधिका तृतीय स्थान पर रहे। 5 किमी ओपन पुरुष वर्ग में प्रकाश भट्ट प्रथम, मोहम्मद अशरफ द्वितीय एवं मोहम्मद क्वासम तृतीय स्थान रहे। महिला वर्ग में अर्पिता सैनी प्रथम, वाई. तिमनाह द्वितीय एवं अनिता चैहान तृतीय स्थान पर रही। पुरूष ओपन की 10 किमी में सुरेंद्र सिंह प्रथम, मन्नू सिंह द्वितीय एवं सजन पंवार तृतीय रहे। महिला वर्ग में पूजा बिष्ट प्रथम, निशा नेगी द्वितीय एवं ईशा बर्त्वाल तृतीय रहे।
60 प्लस 10 किमी में दलबीर सिंह प्रथम, गोविंद कुमार राणा द्वितीय एवं सतीश चंद चैहान तृतीय रहे। ओपन पुरूष वर्ग की 21 किमी में लोकेश कुमार प्रथम, दीपक रावत द्वितीय एवं कुलदीप नेगी तृतीय रहे। महिला वर्ग में प्रिया प्रथम, निकिता खोलिया द्वितीय एवं आयुषी कनवाल तृतीय रहे। 50 प्लस पुरूष वर्ग की 21 किमी में दीपेश जोशी प्रथम, नंदन सिंह द्वितीय एवं पवन तृतीय रहे। महिला वर्ग में अनुदा तमांग प्रथम, अंजू कुटियाल द्वितीय एवं इंदिरा दीवान तृतीय रहे। 42 किमी ओपन वर्ग में यश राज प्रथम, सत्यम द्वितीय एवं महेंद्र सिंह बिष्ट तृतीय रहे। महिला वर्ग में दिया प्रथम, अर्पिता सैनी द्वितीय एवं अंजू तृतीय रहे। 42 किमी 40़ आयु वर्ग में सतपाल प्रथम, महेश यादव द्वितीय एवं कलम सिंह बिष्ट तृतीय रहे। महिला वर्ग में मीना कंडारी प्रथम, सुष्मिता राय द्वितीय एवं शांति राय तृतीय रहे। 42 किमी 60़ आयु वर्ग में थॉमस प्रथम, मुकेश राणा द्वितीय एवं सतीश चंद्रा तृतीय रहे। 75 किमी ओपन वर्ग में दिगंबर सिंह प्रथम, अर्जुन प्रधान द्वितीय एवं विजय सिंह तृतीय रहे। महिला वर्ग में मीनाक्षी प्रथम, मीना कुमारी सुब्बा द्वितीय एवं फलेश्वरी रजवाड़े तृतीय रहे। 75 किमी 50़ आयु वर्ग में चरण सिंह प्रथम, किशन बढ़वार द्वितीय एवं रतन सिंह सोनल तृतीय रहे। महिला वर्ग में आशा सिंह प्रथम एवं कशीरसगरा रमसमिता द्वितीय रहीं। 75 किमी 60़ आयु वर्ग में कृष्णा तमांग प्रथम, महिपाल सिंह द्वितीय एवं शिवेंद्र सिंह बिष्ट तृतीय रहे।
मंगलवार आयोजन के अंतिम दिन गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें 100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।



