कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग नगर की आंतरिक सड़कों और मुख्य बस अड्डे पर आए दिन जाम लग रहा है। लेकिन इस जाम से निपटने के कोई इंतजाम नहीं दिख रहे हैं। बेतरतीब खड़े वाहन यहां यातायात के लिए मुसीबत बन रहे हैं।
कर्णप्रयाग नगर के मुख्य बाजारा, न्यू मार्केट, बदरीनाथ हाईवे, नैनीताल हाईवे, पेट्रोल पंप रोड पर जगह जगह नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े किए जा रहे हैं। जिससे आए दिन बड़े वाहन अथवा देहरादून से आने वाली उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें फंस रही है। गुरूवार को यहां पेट्रोल से मुख्य बाजार वाली रोड पर कोरोना ड्यूटी में लगी एंबुलेंस करीब बीस मिनट तक फंसी। इधर मामले में पुलिस उपनिरीक्षक सुमित चैधरी ने बताया कि नो पार्किंग में खड़े वाहनों के लगातार चालान किए जा रहे हैं।
धीमी गति से हो रहा सड़क का निर्माण
पेट्रोल पंप से मुख्य बाजार तक सड़क की मरम्मत की जा रही है। लेकिन लोगों का कहना कि धीमी गति से हो रहे निर्माण कार्य के चलते जहां जाम की समस्या हो रही है। वहीं व्यापारियों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। सभासद विनोद पुरोहित ने जल्द सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने की मांग की है।




Discussion about this post