पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी विकास खंड के पंचायत प्रतिनिधियों ने शनिवार को देश के प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेती बाडी और काश्तकारी मे व्यापक परिवर्तन के लिए ग्रामीणों को मनरेगा के तहत खेतो मे काम करने का प्रावधान किया जाए ताकि किसानों को इसका दोहरा लाभ मिल सके।
कांडई के प्रधान महावीर रावत, किमोठा के प्रधान मधुसूदन किमोठी तोणजी के प्रधान मुकेश सिह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत नेगी, संतोष नेगी, सोबती देवी, गणेशी देवी का कहना है कि वर्तमान समय में पर्वतीय क्षेत्रों में लोग खेती से विमुख होते जा रहे है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से रोजगार की तलाश में पलायन हो रहा है। गांव खाली होते जा रहे है। साथ ही काश्तकारी की भूमि भी बंजर होती जा रही है।
यदि सरकार काश्तकारी की भूमि पर कार्य करने को मनरेगा से जोड़ती है तो इससे लोग अपनी काश्तकारी की भूमि पर कार्य कर उससे उपज भी प्राप्त कर पायेंगे साथ ही मनरेगा के तहत उन्हें रोजगार भी मुहैया हो पायेगा जिससे लोग रोजगार की तलाश में इधर उधर भी नहीं जायेंगे। गांवों का विकास होगा और किसान की आय भी बढ़ेगी। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपने इस सुझाव पर सकारात्मक पहल करने की मांग की है।




Discussion about this post