पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी विकास खंड के क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि गांवों में पीएम आवास योजना में ऐसे व्यक्तियों का चयन किया जा रही जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक है और उन्हें आवास की जरूरत भी नहीं है लेकिन जिन लोगों को आवास की जरूरत है उनका चयन नहीं किया जा रहा है।
शुक्रवार को पोखरी के क्षेत्र पंचायत सदस्य राधा रावत, हरीश रावत, सुभाष सिंह, पूजा देवी, पूनम देवी, ममता भट्ट खंड विकास अधिकारी पोखरी से भेंट कर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान समय में पीएम आवास योजना की जो सूची जारी की गई हैं उसमें अधिकांश ऐसे परिवारों का चयन किया गया है जिनके पास पहले से ही भवन है लेकिन गांव के ऐसे गरीब परिवारों को सूची में शामिल ही नहीं किया गया है जिन्हें आवास की नितांत आवश्यकता है। मसोली गांव की क्षेत्र पंचायत सदस्य राधा रावत का कहना है कि उनकी ग्राम सभा में दो सौ से अधिक ऐसे परिवार है जिन्हें पीएम आवास की जरूरत है लेकिन सूची में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जिनके पास भवन पहले से ही बने हुए है। जिससे पात्र लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
क्या कहते है अधिकारी
खंड अधिकारी पोखरी महेश प्रसाद वशिष्ठ ने कहा पीएम आवास में 1112 लोगों के नाम की सूची निकाली है इसमें भी पात्र लोगों को चुना जाएगा। पीएम आवास की साइट खुलने के बाद ग्राम पंचायत में बैठक में पात्र व्यक्तियों को पीएम आवास का चयन किया जाएगा ग्राम विकास अधिकारीयों से भवन निर्माण के लिए जिस जगह का चयन किया गया है उसकी भी जांच की जायेगी।




Discussion about this post