posted on : मार्च 1, 2023 3:00 अपराह्न
कोटद्वार। बाल भारती स्कूल कोटद्वार को सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाओं हेतु परीक्षा केन्द्र बनाया है। जिसमें टीसीजी, बलूनी स्कूल, एकेवीएन एवं आरसीडी स्कूल के 10वीं तथा 12वीं के छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बाल भारती स्कूल के प्रधानाचार्य तथा विद्यालय परिवार ने प्रमस्तिष्काघात (सेरेब्रल पाल्सी) से पीड़ित टीसीजी स्कूल की 10वीं की छात्रा अन्वी वर्मा का परीक्षा केन्द्र में गर्मजोशी के साथ फूलमाला से स्वागत किया एवं आध्यात्मिक ऊर्जा हेतु श्रीमदभागवद गीता की पुस्तक भेंट की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरिराज सिंह रावत ने कहा कि अपने माता पिता को खो चुकी महायोद्धा अन्वी के लिए विद्यायल परिवार को खुशी के पल तलाशने थे। जिससे वह बोर्ड परीक्षा में बिना मानसिक तनाव के शानदार सफलता प्राप्त कर सके। कहा कि ऐसा करना खुशियों के पल को पाना तथा किसी पुण्य की अनुभूति से कम नहीं है। इसलिए विद्यालय परिवार ने महायोद्धा अन्वी वर्मा का परीक्षा केंद्र के बहार स्वागत करने के लिए बेसब्री से इंतजार किया। वहीं विद्यायल की सह प्रधानाचार्य सरोजनी रावत ने कहा कि अपनी महायोद्धा अन्वी के चेहरे पर मुस्कान व ढेर सारी खुशियों का अहसास देखने को मिला। उन्होंने दिव्यांग बेटी के हरपल हौसला अफजाई करने के लिए वर्मा परिवार का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
बता दें की प्रमस्तिष्काघात (सेरेब्रल पाल्सी) विकासशील मस्तिष्क के अंदर असामान्यताओं या क्षति के कारण होता है जो हमारे मस्तिष्क की गति को नियंत्रित करने और मुद्रा को संतुलित रखने की क्षमता को बाधित करता है। जिसके कारण हाथ-पैरों पर नियंत्रण नहीं हो पाता है और पीड़ित चल फिर नहीं पाता है। इस अवसर पर समन्वयक कुनाल रावत, परीक्षा प्रभारी विजय जोशी, हिमानी रावत, कमला नेगी, रविन्द्र भरद्वाज, सौरभ पाण्डेय, नीलम नेगी आदि विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।


