posted on : सितम्बर 9, 2022 7:35 अपराह्न
कोटद्वार । गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ की गूंज शहर में सुनाई दी। शुक्रवार को दस दिवसीय गणेशोत्सव के समापन पर शहर में लगे विभिन्न पांडालों, मंदिरों और घरों में विराजित भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं को लेकर लोग विसर्जन स्थल पर पहुंचे और प्रतिमाओं को विसर्जित किया । शहर के विभिन्न स्थानों में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विराजित कर दस दिनों तक पूजा-आराधना की गई। इन दिनों में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भी खूब हुए। अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश की आरती की गई। इसके बाद विसर्जन समारोह शुरू हुआ । घरों मेंं विराजित भगवान गणेश की छोटी प्रतिमाओं को हाथों में तो पंडालों में विराजित बड़ी प्रतिमाओं को ट्रेक्टर, मेटाडोर, मैजिक व अन्य वाहनों से विसर्जन स्थल तक लेकर पहुंचे। कई लोग दोपहिया वाहनों से भी भगवान की प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन के लिए पहुंचे। ऐसी मान्यता है कि गणपति की विदाई करने से सभी कष्ट एवं विघ्न दूर होते हैं और भगवान गणेश के आशीर्वाद के साथ जीवन में समृद्धि का वास होता है।


