posted on : अगस्त 11, 2022 10:49 पूर्वाह्न
कोटद्वार । रोडवेज कार्यशाला में कई दिनों से सीवर का गंदा पानी बह रहा है व गड्ढों में एकत्रित हो रहा है जिस कारण वहां कार्यरत कर्मचारियों को परेशानी एवं कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है । जबकि कर्मचारियों ने एआरएम कोटद्वार को कई बार अवगत करवा दिया है किंतु विभाग के अधिकारियों के कान में जूं तक नहीं रेंग रहा है । बताते चलें कि परिवहन निगम की कार्यशाला के कर्मचारी संक्रामक रोगों की चपेट में आ रहे हैं। वहीं मच्छरों के प्रकोप से कर्मचारी डेंगू का शिकार भी हो रहे हैं । श्रमिकों का कहना है कि कार्यशाला के हालात बद से बदतर हो चुके है।
बताया कि उच्चाधिकारियों को कई बार शिकायत देने के बाद भी हालात बदस्तूर जारी है।बताया कि गंदे पानी के कारण पूरा कार्यशाला परिसर सीवरेज की गंदी बदबू से भर गया है। जिसके कारण श्रमिकों में बीमारियां फैलने का डर भी सताने लगा है।जब इस संबंध में सहायक महाप्रबंधक टीकाराम आदित्य से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सीवर के मरम्मीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है । संभवतः शुक्रवार से कार्य शुरू कर दिया जाएगा ।


