कोटद्वार । संत शिरोमणि रविदास सेवा समिति के तत्वावधान में रविदास की जयंती को धूमधाम से मनाया गया। कौडिया में संत शिरोमणि जयंती का शुभारंभ नगर निगम की मेयर हेमलता नेगी एवं पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, संरक्षक विजयपाल सिंह ने संयुक्त रूप से रविदास के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने उद्बोधन में पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने संत शिरोमणि रविदास को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि संत शिरोमणि रविदास ने दबे कुचले समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया, उन्होंने कहा कि रविदास जी ने समाज में भेदभाव व कुरीतियों को दूर करने का अथक प्रयास करते हुए समाज को शिक्षित एवं संगठित रहने की प्रेरणा दी है। पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने संत शिरोमणि रविदास के पद्चिन्हों पर चलते हुए अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए बुरे व्यसनों को दूर रहने की अपील की है।
उन्होंने सत्ता में रहते हुए कांग्रेस सरकारों के द्वारा पिछडे समाज के उत्थान के लिए किये गये प्रयासों का भी जिक्र करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के होनहार छात्रों के लिए विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्ति योजनाओं को संचालित किया जाता रहा, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकारों के द्वारा उक्त योजनाओं को बंद कर दिया है, जिससे पिछडे समाज के मेधावी छात्र आगे नहीं बढ पा रहे है।
महापौर हेमलता नेगी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संत शिरोमणि रविदास के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की है। इस मौके पर संत शिरोमणि रविदास की भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गयी। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, महेश गौतम, कुलदीप सिंह, रोहन आर्य, अजीत सिंह, अमित कुमार, संजीव कुमार, रविन्द्र सिंह, रजत आर्य, प्रियंका, गुडी देवी, राकेश कुमार, संदीप कुमार, डबल सिंह, मोहन सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे ।



