हरिद्वार : अपर मेला अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र एवं रामजी शरण शर्मा ने आज पावनधाम आश्रम के निकट तैयार हो रहे 150 बेड के जनरल हॉस्पिटल का कुम्भ की व्यवस्थाओं की तैयारियों की दृष्टि से स्थलीय निरीक्षण किया। अपर मेलाधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र एवं रामजी शरण शर्मा ने तैयार हो रहे पूरे हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने हॉस्पिटल का पूरा साइड प्लान अपर मेलाधिकारियों को दिखाया तथा साइड प्लान के अनुसार कहां पर ओपीडी की व्यवस्था होगी, कहां पर वीआईपी लाॅन्ज होगा, कहां कैण्टीन होगी, कितनी चौड़ी रोड होगी आदि के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी।

अपर मेलाधिकारियों ने कोविड-19 के दृष्टिगत अधिकारियों से हाथ धोने की व्यवस्था के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि पानी के नलों को हाथ से खोलना पड़ेगा। इस पर अपर मेलाधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाथ धोने के लिये भारत सरकार द्वारा जारी एसओपी के अनुसार फुट ऑपरेटेड व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। अपर मेलाधिकारियों ने जनरल हॉस्पिटल में पानी की निकासी एवं फ्लोरिंग के लिये आई मेंट का भी बारीकी से निरीक्षण किया। अपर मेलाधिकारियों ने जब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जनरल हॉस्पिटल का काम कब तक पूरा हो जायेगा, के सम्बन्ध में पूछा, तो अधिकारियों ने कहा कि 15 फरवरी तक हम इसे हैण्डओवर कर देंगे।

अपर मेलाधिकारियों ने इस अवसर पर जानकारी दी कि जनरल हॉस्पिटल के अलावा 20 बेड के पांच हॉस्पिटल स्वीकृत हैं तथा 20 बेड के ही छह हॉस्पिटल और 10 बेड के 12 हॉस्पिटल बनने प्रस्तावित हैं। इनके अतिरिक्त जगजीतपुर में 2000 बेड का एक कोविड हॉस्पिटल बनना है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता एस.के. गर्ग, एई विजय कुमार मोघा सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।






Discussion about this post