पौड़ी : कोविड-19 के दौरान राज्य में वापस आये प्रवासियों एवं बेरोजगार युवकों को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उत्तराखण्ड शासन द्वारा ‘‘मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना‘‘ संचालित की जा रही है। योजना के अन्तर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल हेतु कुल 250 इकाई स्थापना के लक्ष्य के सापेक्ष 58 आवेदन पत्रों में से लाभार्थियों के चयन हेतु आज उप जिलाधिकारी कोटद्वार योगेश मेहरा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टाक्स फोर्स कमेटी के सदस्यों द्वारा लाभार्थियों के साक्षात्कार लिए गये।
महाप्रबन्धक जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार मृत्युंजय सिंह ने बताया कि साक्षात्कार के माध्यम से कुल 51 प्रोजेक्ट को ऋण प्रदान करने के लिए चयनित किया गया है, जिसमें कुल 3.03 करोड़ की पूंजी निवेश तथा 139 रोजगार प्रस्तावित है। चयनित प्रोजेक्ट में जनरल स्टोर, मुर्गी पालन, बकरी पालन, रेडिमेट गारमेंट स्टोर, रेस्टोरेंट, आईसक्रीम विनिर्माण, मशरूम उत्पादन तथा गाय पालन प्रमुख हैं। योजनान्तर्गत 250 इकाई के लक्ष्य सापेक्ष अब तक कुल 665 आवेदन बैंकों को प्रेषित किये गए हैं, जिसमें से 212 व्यक्तियों को बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत कर दिया गया है तथा 122 व्यक्तियों को ऋण प्रदान कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि रोजगार सृजन की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण योजना है। जिसके अंतर्गत 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति सेवा क्षेत्र/व्यवसाय क्षेत्र व विनिर्माण क्षेत्र के उद्यमों हेतु क्रमश 10 लाख तथा 25 लाख का ऋण बैंको के माध्यम से प्राप्त कर सकता है। बताया कि प्रोजेक्ट मूल्य का 20 प्रतिशत अनुदान देय है। बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष हेतु अन्तिम साक्षात्मकार 29 दिसम्बर, 2020 को प्रस्तावित है। योजना के लाभ हेतु इच्छुक अभ्यर्थी www.msy.uk.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में जिला स्तरीय टाक्स फोर्स कमेटी के सदस्य शाखा प्रबन्धक यूजीबी कोटद्वार हरीश कण्डारी, डीसीओ पीएनबी पौड़ी कुणाल संजय मेहता, मुख्य प्रबन्धक(आरएसीसी) एसबीआई कोटद्वार सुशान्त गोयल, पशु चिकित्सा अधिकारी कोटद्वार डाॅ.बी.एस.गुप्ता, प्रवक्ता रा.पाॅलीटेक्नीक काॅलेज हल्दूखाल आशीष गुसांई, स.वि.अधि. खादी ग्रामोद्योग बोर्ड पौड़ी राजभारती कृषाली आदि उपस्थित थे।




Discussion about this post