posted on : जुलाई 1, 2024 2:50 अपराह्न
कोटद्वार । हरिद्वार में एक नाबालिक बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या एवं प्रदेश भर में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार के ग्राफ में बढ़ोत्तरी के साथ बिगड़ती लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्षा सुधा असवाल के नेतृत्व में कोटद्वार की स्थानीय महिलाओं ने कांग्रेस जिला कार्यालय मालवीय उद्यान से तहसील चौक तक उग्र प्रदर्शन कर प्रदेश की भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
इस अवसर पर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही महानगर अध्यक्षा सुधा असवाल एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत ने कहा कि भाजपा नेता के पुत्र द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद आज भाजपा नेता आदित्य राज सैनी का एक बेटी के दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्याकांड में शामिल होने से भाजपा के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नारे की कलई खुल गई है, और उत्तराखंड आज महिला अपराधों में पहले पायदान पर पहुंच गया है।
इस अवसर पर महिला प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महिला अत्याचार एवं लचर कानून व्यवस्था पर अंकुश नहीं लगाया गया तो कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। पुतला दहन में नीलम रावत प्रदेश सचिव महिला कांग्रेस, सुधा शर्मा जिला उपाध्यक्ष, विमलेश नेगी पूर्व प्रदेश सचिव, दमयंती देवी, शांति देवी, तारा देवी, प्रमिला, प्रिया के अलावा बलबीर सिंह रावत, बीरेंद्र सिंह रावत, गोपाल सिंह गुसाईं, दलीप रावत, धीरेंद्र सिंह नेगी, प्रवेश रावत, विजय नेगी, प्रदीप नेगी, कृपाल सिंह नेगी, नरेन्द्र सिंह नेगी, मो. जावेद, प्रवीन कुमार आदि भी सम्मिलित थे।


